मेरठ: मेरठ में साइबर अपराध के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए साइबर सेल और थाना लिसाड़ी गेट पुलिस ने फर्जी जनसेवा केंद्र चलाकर लोगों के नाम पर नकली दस्तावेज तैयार करने और बैंक खाते खुलवाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 14 जून 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जनसेवा केंद्रों की जांच के दौरान अंसार कॉलोनी, गोला कुआं निवासी अरकम और उसके पिता निजामुद्दीन को गिरफ्तार किया गया। दोनों अपने फरार साथी अबू बकर के साथ मिलकर गरीब और जरूरतमंद लोगों को झांसे में लेकर उनकी पहचान का दुरुपयोग करते थे तथा फर्जी आधार और वोटर आईडी बनवाकर बैंक खाते, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज तैयार कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और पेमेंट ऐप्स के जरिए संदिग्ध लेन-देन और साइबर ठगी में किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन, 92 डेबिट-क्रेडिट कार्ड, 10 बैंक पासबुक, 5 चेकबुक, 139 वोटर आईडी कार्ड, 180 आधार कार्ड, 97 पैन कार्ड, 16 ब्लैंक हेल्थ कार्ड तथा फर्जी रबर स्टैंप और सील-मोहर बरामद की हैं। इस मामले में थाना लिसाड़ी गेट में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और मेरठ पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा कितने लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया है।

