Thursday, October 1, 2026

पेड़ से टकराकर पलटी कार, दो युवकों की दर्दनाक मौत।

जनपद मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चरथावल-थानाभवन मार्ग पर तेज रफ्तार होंडा सिटी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई और पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी युवक सहारनपुर जनपद के ननौता क्षेत्र से शामली जनपद के थानाभवन में एक शादी समारोह में आए हुए थे। इसी दौरान शाम के समय सभी युवक घूमने के उद्देश्य से कार से चरथावल की ओर निकल पड़े। रास्ते में अचानक कार चालक का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पलट गई और उसमें सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही चरथावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। हादसे में बादल पुत्र लक्ष्मण निवासी जगादरी और नितिन पुत्र अनिल निवासी ननौता की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं हादसे में घायल कपिल पुत्र सोमपाल, शुभम पुत्र मदनलाल, विशाल पुत्र सतपाल और आशु पुत्र अनिल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में से दो युवकों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जिला चिकित्सालय पहुंचे सीओ सदर डॉ. रवि शंकर ने बताया कि कार में सवार युवक शादी समारोह में आए हुए थे और घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और मौके पर लोगों की भारी भीड़ भी जुट गई। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news