कैराना में खेत पर गए बिलाल राणा घायल, जमीनी विवाद को बताया घटना की वजह; पुलिस जांच में जुटी
शामली। कैराना क्षेत्र में पूर्व राज्यमंत्री रियासत राणा के पुत्र बिलाल राणा के घायल होने की घटना ने इलाके में गंभीर चर्चा का विषय बना दिया है। मामला नेशनल हाईवे-709 एडी के निकट गांव मन्नामाजरा के पास स्थित खेत का बताया जा रहा है, जहां बिलाल राणा अपने भांजे सेम के साथ गए हुए थे। घायल पक्ष ने पुराने जमीनी विवाद को घटना की मुख्य वजह बताया है और आधा दर्जन लोगों पर मारपीट तथा फायरिंग की घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार बिलाल राणा खेत पर मौजूद थे, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि इसी दौरान फायरिंग की गई, जिसमें बिलाल राणा के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम और परिजन मौके पर पहुंचे। घायल को तुरंत कैराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। घायल पक्ष की ओर से पुराने जमीनी विवाद को लेकर कुछ लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। मामले में तहरीर मिलने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीओ कैराना हेमंत कुमार ने भी बताया कि घटना की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस प्रशासन लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

