मुजफ्फरनगर।
जनपद की रिजर्व पुलिस लाइन में गुरुवार को होली का पर्व उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ गुलाल लगाकर होली खेली और सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
05 मार्च 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में SSP संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन पहुंचकर अधिकारियों और जवानों के साथ होली का त्योहार मनाया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को गुलाल लगाकर बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला और पुलिसकर्मियों ने आपसी भाईचारे के साथ एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर SSP ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार भी एक बड़े परिवार की तरह है, जहां सभी अधिकारी और कर्मचारी मिलकर जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य करते हैं।
उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और पूर्ण समर्पण के साथ निभाएं ताकि आम जनता का भरोसा और अधिक मजबूत हो सके। SSP ने कहा कि त्योहारों के समय पुलिस की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, इसलिए सभी को सतर्क रहते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और पूरे उत्साह के साथ इस पावन पर्व को मनाया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, समस्त क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

