मुजफ्फरनगर। मिमलाना रोड निवासी साजिद पुत्र निसार की सऊदी अरब में हुई दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। साजिद ने अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बातचीत करते समय फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में कोहराम मचा हुआ है।
परिजनों के अनुसार, साजिद पिछले करीब 6–7 महीनों से सऊदी अरब में ड्राइवर का काम कर रहा था। वह रोजाना अपने घरवालों, खासकर पत्नी से फोन और वीडियो कॉल के जरिए बातचीत करता था। बुधवार शाम भी वह अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
बताया गया है कि इसी दौरान साजिद ने वीडियो कॉल के दौरान ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि यह पूरी घटना उसकी पत्नी ने वीडियो कॉल पर अपनी आंखों से देखी। जैसे ही यह खबर घर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिवार सदमे में आ गया।
परिवार का कहना है कि साजिद और उसकी पत्नी के बीच कुछ समय से फोन पर मनमुटाव चल रहा था। साजिद मानसिक तनाव में था, लेकिन किसी को यह अंदेशा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा। परिजनों ने बताया कि साजिद ने आत्महत्या से पहले अपनी पत्नी के मोबाइल फोन पर एक वॉइस नोट भी छोड़ा है, जिसकी जानकारी बाद में सामने आई।
घटना के बाद गांव और मोहल्ले में शोक का माहौल है। हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है। परिजन बार-बार यही कह रहे हैं कि काश किसी को समय रहते उसके मन की हालत का अंदाजा हो जाता, तो शायद यह अनहोनी टल सकती थी।
फिलहाल आत्महत्या के वास्तविक कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।
मृतक के भाई का बयान:
मृतक के भाई ने बताया कि साजिद ने मरने से पहले अपनी पत्नी को वीडियो कॉल किया था। करीब 12 मिनट तक चली वीडियो कॉल के दौरान ही उसने फांसी लगाकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। भाई का कहना है कि साजिद काफी समय से मानसिक तनाव में था और फोन पर चल रहे पारिवारिक विवादों से परेशान रहता था। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।

