Friday, October 2, 2026

पति-पत्नी विवाद ने पकड़ा तूल, पति ने SSP से लगाई इंसाफ की गुहार!



मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद अब पुलिस और प्रशासन तक पहुंच गया है। मामला मोहल्ला मदीना कॉलोनी का है, जहां निवासी अफसान पुत्र कालू ने अपनी पत्नी रेशमा पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की मांग की है। पति का कहना है कि उस पर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार हैं और उसे झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है।

पीड़ित अफसान ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी पत्नी रेशमा ने उस पर मारपीट सहित कई गंभीर आरोप लगाए थे। इतना ही नहीं, महिला ने देवर और ननद पर भी गंभीर आरोप लगाकर पूरे परिवार को विवाद में घसीट दिया। अफसान का आरोप है कि इन शिकायतों के बाद पुलिस ने बिना पूरी जांच किए उसे हिरासत में ले लिया और शांति भंग की कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया।

अफसान का कहना है कि असलियत कुछ और है। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी ने उसके साथ मारपीट की और हाथ पर काट लिया, जिसके निशान आज भी मौजूद हैं। पीड़ित पति ने मीडिया और पुलिस अधिकारियों को कुछ वीडियो भी दिखाए, जिनके आधार पर उसने अपनी पत्नी के आरोपों को झूठा बताया। उसका कहना है कि पारिवारिक विवाद को जानबूझकर गंभीर रूप देकर उसकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

पीड़ित पति ने कहा कि वह पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में है और लगातार इंसाफ के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सच्चाई सामने लाने की मांग की है। अफसान का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच हुई तो सच्चाई खुद सामने आ जाएगी।

वहीं इस पूरे मामले ने इलाके में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। पति-पत्नी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का यह विवाद अब कानूनी मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों के आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

Latest news
Related news