Thursday, October 1, 2026

पति ने पत्नी की हत्या कर खेत में दफनाया शव, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा।



कासगंज। जिले के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र में पत्नी की बेरहमी से हत्या कर शव खेत में दफनाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कासगंज पुलिस ने हत्या के आरोप में पति को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर खेत से सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद किया है। पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 18 फरवरी को फर्रुखाबाद जनपद के कायमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जिजपुरा निवासी श्रीमती सोमवती ने थाना सिकंदरपुर वैश्य में लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी प्रियंका की शादी 14 दिसंबर 2024 को कासगंज के ग्राम गंगपुर निवासी रवेन्द्र कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर प्रियंका का उत्पीड़न करने लगा था।

शिकायत के मुताबिक, 14 अप्रैल 2025 को प्रियंका के जेठ राजेश ने फोन कर बताया कि प्रियंका और उसका पति काम के सिलसिले में कहीं बाहर जा रहे हैं। काफी समय तक बेटी से संपर्क न होने पर परिजन उसकी ससुराल पहुंचे, जहां उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस से शिकायत की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना सिकंदरपुर वैश्य पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने वांछित आरोपी रवेन्द्र कुमार को गंगपुर से सनौड़ी जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि करीब एक साल पहले पत्नी के किसी पुराने दोस्त से फोन पर बात करने को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। झगड़ा बढ़ने पर उसने कमरे में रखी कुल्हाड़ी से प्रियंका की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को चादर में लपेटकर प्लास्टिक की बोरी में रखा और रात के समय अपने पिता छोटेलाल की मदद से एक खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। अगले दिन वह घर से फरार हो गया और उसके भाई ने ससुराल पक्ष को गुमराह करने के लिए दोनों के घर छोड़कर जाने की झूठी सूचना दे दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत की खुदाई कर प्रियंका का शव बरामद किया, जो सड़ी-गली अवस्था में मिला। साथ ही घर के कमरे के टांड से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में गंभीर धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दहेज उत्पीड़न और घरेलू विवाद की यह घटना बेहद गंभीर है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Latest news
Related news