आगरा जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। थाना कागारौल क्षेत्र के चीतपुर गांव का रहने वाला एक युवक, जो भारतीय नौसेना में तैनात बताया जा रहा है, उसे देश से गद्दारी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई को लेकर इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक का नाम आदर्श कुमार उर्फ लकी है। बताया जा रहा है कि वह भारतीय नौसेना में लांस पद पर तैनात है। आरोप है कि उस पर देश से गद्दारी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने का शक है। इसी आधार पर लखनऊ एटीएस की टीम ने 10 मार्च को उसे गिरफ्तार किया।
एटीएस की टीम ने आरोपी को आगरा के थाना कागारौल क्षेत्र के चीतपुर गांव से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।
इस घटना के बाद जब मीडिया की टीम आरोपी के गांव चीतपुर पहुंची तो वहां का माहौल काफी शांत और तनावपूर्ण नजर आया। आरोपी के घर के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ था। मीडिया ने परिवार से बात करने की कोशिश की, लेकिन परिवार के लोगों ने न तो घर का गेट खोला और न ही किसी तरह की बातचीत की।
वहीं गांव के कई लोगों ने आदर्श कुमार पर लगे आरोपों पर हैरानी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि आदर्श बचपन से ही शांत स्वभाव का युवक रहा है और गांव में सभी का सम्मान करता था। लोगों के मुताबिक उसके खिलाफ लगे आरोपों पर उन्हें विश्वास करना मुश्किल लग रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि हाल ही में उसकी शादी और विदेश जाने की बातों को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं हो रही थीं, जिस पर अब सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें इस पूरे मामले की सच्चाई का इंतजार है।
फिलहाल यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। एटीएस और अन्य जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। आने वाले समय में पूछताछ और जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि आरोपी पर लगे आरोप कितने सही हैं।

