नोएडा के थाना फेज-3 क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 21 फरवरी को एक युवती ने कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि कुछ लोग युवती को वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
मृतका की बहन की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में ग्यासी राजपूत, प्रीति सैनी और विपिन यादव के नाम शामिल हैं। परिवार का कहना है कि ये लोग युवती को बदनाम करने की धमकी देकर उससे पैसे भी ऐंठ रहे थे। लगातार हो रही ब्लैकमेलिंग और दबाव के कारण युवती गहरे मानसिक तनाव में थी।
पीड़ित परिवार ने आरोपियों द्वारा भेजे गए वीडियो और व्हाट्सऐप चैट को साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंप दिया है। परिजनों का कहना है कि इन डिजिटल सबूतों से साफ साबित होता है कि युवती को योजनाबद्ध तरीके से प्रताड़ित किया जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आरके गौतम ने बताया कि बहन की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया के दुरुपयोग और डिजिटल ब्लैकमेलिंग के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है। लगातार मानसिक उत्पीड़न और बदनामी के डर ने एक युवती की जान ले ली। अब पूरा परिवार न्याय की उम्मीद में है, वहीं पुलिस मामले की तह तक जाने में जुटी हुई है।

