Friday, October 2, 2026

नीट पेपर लीक से महंगाई तक… सपा का बड़ा विरोध प्रदर्शन!



गोण्डा जिले की कर्नलगंज विधानसभा में समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। परसपुर बाजार में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और नेता बैलगाड़ी पर जुलूस निकालते हुए सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद महामहिम राष्ट्रपति महोदया को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया।

सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि देश और प्रदेश के कई गंभीर मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। प्रदर्शन के दौरान सबसे प्रमुख मुद्दा नीट परीक्षा पेपर लीक का रहा। नेताओं ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों का भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।

इसके साथ ही ज्ञापन में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, लगातार बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण लगाने, किसानों की फसलों की समय पर खरीद सुनिश्चित करने और आम जनता से जुड़े कई जरूरी मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया गया। सपा नेताओं का कहना था कि बढ़ती महंगाई और किसानों की परेशानियों ने आम लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है।

प्रदर्शन के दौरान परसपुर बाजार में राजनीतिक माहौल काफी गर्म दिखाई दिया। बैलगाड़ी पर निकले जुलूस ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुटे। नेताओं ने कहा कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

ज्ञापन कार्यक्रम में गौरव सिंह, अरुण त्रिपाठी, सूरज सिंह, अमरनाथ यादव, महबूब खां, बबलू खान, संजय कुमार, कलीम खां, मनोज, गोविंद कनौजिया, शिवम कनौजिया, शुभम दुबे, संदीप पांडे और विशाल सिंह सहित कई सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Latest news
Related news