Thursday, October 1, 2026

नशेड़ी पति का खूनी हमला, कुल्हाड़ी से पत्नी की बेरहमी से हत्या।

 

लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र के शेखनखेड़ा गांव में घरेलू हिंसा की एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक नशेड़ी पति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार शेखनखेड़ा गांव में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी पति नशे की हालत में था। विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और पत्नी पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार और एसीपी विकास पांडे मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं निगोहां थाना प्रभारी भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह साफ हो सके। घटना के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है।

एडीसीपी दक्षिणी ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस सहित पुलिस की कई टीमें लगा दी हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक और भय का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Latest news
Related news