Thursday, October 1, 2026

नशा तस्करों की 4 करोड़ की संपत्ति जब्त।




जनपद मुजफ्फरनगर में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। थाना मीरापुर पुलिस ने “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर नशा कारोबारियों पर बड़ा प्रहार किया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम मंदवाड़ा थाना बुढ़ाना निवासी लोकेन्द्र और योगेन्द्र को पहले ही अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। इनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत का गांजा बरामद हुआ था। जांच में सामने आया कि दोनों अभियुक्तों ने नशे के कारोबार से करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की थी, जो स्वयं और परिजनों के नाम पर खरीदी गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में गठित टीम ने दोनों अभियुक्तों की संपत्तियों की जांच की। जांच के बाद एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 68(F) के तहत संपत्तियों के जब्तीकरण के लिए रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी SAFEM (FOP)A एवं NDPS एक्ट, नई दिल्ली को भेजी गई। साक्ष्यों के आधार पर सक्षम प्राधिकारी ने 22 जनवरी 2026 को चार अवैध संपत्तियों के जब्तीकरण का आदेश पारित किया।

आज 27 जनवरी 2026 को थाना मीरापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इन संपत्तियों को विधिवत जब्त किया। पुलिस ने मौके पर मुनादी कराई और संपत्तियों पर जब्ती बोर्ड लगाए।

जब्त की गई संपत्तियां

1. शामली तहसील क्षेत्र में कृषि भूमि/प्लॉट (0.0740 हेक्टेयर)


2. कस्बा बुढ़ाना के मोहल्ला खाकरोबान में 83.91 वर्ग मीटर का प्लॉट/मकान


3. बुढ़ाना क्षेत्र में 174.06 वर्ग मीटर का आवासीय भूखंड


4. बुढ़ाना के मोहल्ला खाकरोबान में 127.97 वर्ग मीटर का आवासीय भूखंड



इन सभी संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई गई है।

अभियुक्तों का आपराधिक रिकॉर्ड

अभियुक्त लोकेन्द्र और योगेन्द्र के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। लोकेन्द्र के खिलाफ हरियाणा और मुजफ्फरनगर में नशा तस्करी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि योगेन्द्र पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित कोई भी संपत्ति अब सुरक्षित नहीं रहेगी। पुलिस प्रशासन ऐसे अपराधियों की आर्थिक रीढ़ तोड़ने के लिए लगातार कठोर कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार से जुड़ी अवैध संपत्तियों की जब्ती की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


यह कार्रवाई नशा कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश है कि अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर पुलिस की नजर है और कानून के तहत उन्हें जब्त किया जाएगा। पुलिस का यह अभियान समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।


जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।

Latest news
Related news