मुजफ्फरनगर।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन सवेरा” के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस ने नशा कारोबारियों पर अब तक की बड़ी कार्रवाई की है। मादक पदार्थों की तस्करी से करोड़ों रुपये की संपत्ति बनाने वाले दो सगे भाइयों की करीब 4 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को जब्त कर लिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह के निर्देशन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में की गई। थाना मीरापुर क्षेत्र के रहने वाले लोकेन्द्र और योगेन्द्र नाम के दो सगे भाइयों को पहले ही नशे के अवैध कारोबार में गिरफ्तार किया जा चुका था।
जांच में सामने आया कि दोनों भाइयों ने नशे के धंधे से भारी कमाई कर खुद और अपने परिजनों के नाम पर मुजफ्फरनगर और शामली जिले में कई कीमती संपत्तियां खरीदी थीं। नशा कारोबार से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित करने के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई, जिसने गहन जांच कर एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को भेजी।
ठोस साक्ष्यों और प्रभावी पैरवी के बाद 22 जनवरी 2026 को सक्षम प्राधिकारी ने चार अवैध संपत्तियों को जब्त करने का आदेश जारी किया। जब्त की गई संपत्तियों में शामली जिले की कृषि भूमि, बुढ़ाना कस्बे में मकान और आवासीय भूखंड शामिल हैं। इन संपत्तियों की कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई गई है।
इस बड़ी कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का साफ संदेश है कि नशे के कारोबार से कमाई गई संपत्ति अब सुरक्षित नहीं है और ऐसे लोगों पर कानून की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और समाज को नशे के जहर से मुक्त कराने के लिए पुलिस हर स्तर पर कठोर कदम उठाती रहेगी।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

