उत्तर प्रदेश के सहारनपुर एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संभलहेड़ा गांव निवासी शानू मलिक के रूप में हुई है, जो पेशे से स्क्रैप कारोबारी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, एटीएस को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर देशविरोधी और समाज विरोधी पोस्ट किए जाने की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि शानू मलिक नाम का व्यक्ति लगातार आपत्तिजनक सामग्री साझा कर रहा था। इसी आधार पर रविवार को उसे हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद एटीएस और आईबी की टीम ने आरोपी से गहन पूछताछ की। उसके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान भी भारत विरोधी वीडियो और पोस्ट साझा किए थे।
पूछताछ के बाद एटीएस ने आरोपी को मीरापुर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 13 शामिल की गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कुछ समय से केरल में स्क्रैप का काम कर रहा था और वहीं से सोशल मीडिया पर सक्रिय था। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस मामले पर जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो संज्ञान में आने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई। आरोपी की गतिविधियों को गंभीर मानते हुए सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस और जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी के संपर्क किन-किन लोगों से थे और क्या इस मामले में कोई बड़ा नेटवर्क जुड़ा हुआ है।

