Thursday, October 1, 2026

तेज रफ्तार बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में मारी जोरदार टक्कर, 6 घायल, 2 की हालत नाजुक।




मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बस में सवार 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से 2 की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार बहरेाइच से एक बारात मेरठ जा रही थी। बारातियों से भरी प्राइवेट बस जैसे ही रामपुर से निकलकर मूंढापांडे क्षेत्र के दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित गणेश घाट के पास पहुंची, तभी आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे बारातियों में हड़कंप मच गया।

हादसे में कुल 6 लोग घायल हो गए। इनमें 4 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को तत्काल पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही मूंढापांडे थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और हादसे के कारण हाईवे पर लगे जाम को भी खुलवाया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया।

वहीं बस चालक ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर उसे वापस बहरेाइच की ओर भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से हाईवे पर सावधानी और नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।

Latest news
Related news