Thursday, October 1, 2026

तेज़ रफ्तार में हादसा या खुदकुशी की कोशिश? मशहूर ब्लॉगर अनुराग डोभाल गंभीर।





उत्तराखंड के मशहूर मोटर व्लॉगर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अनुराग डोभाल (UK07 Rider) से जुड़ी एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में उनकी फॉर्च्यूनर कार तेज रफ्तार में पलट गई। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार अनुराग डोभाल अपनी फॉर्च्यूनर कार से उत्तराखंड की ओर से गाजियाबाद की तरफ आ रहे थे। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार करीब 200 से 220 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास थी। इसी दौरान मसूरी थाना क्षेत्र में उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूत्रों के अनुसार हादसे से पहले अनुराग ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या करने जैसी बात कही थी। इतना ही नहीं, बताया जा रहा है कि जिस समय वह गाड़ी चला रहे थे, उस दौरान भी वह सोशल मीडिया पर लाइव थे और वीडियो में कार की स्पीड 200 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा दिखाई दे रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अनुराग डोभाल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने उन्हें मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल बेहद गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि यह सिर्फ तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा है या फिर इसके पीछे कोई और वजह है। साथ ही सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और पोस्ट की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की नजर इस बात पर है कि अनुराग की हालत में जल्द सुधार हो और घटना की असली वजह सामने आ सके। इस घटना ने सोशल मीडिया और बाइकिंग कम्युनिटी में भी चिंता और हलचल पैदा कर दी है।

Latest news
Related news