जनपद में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने रविवार को व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, व्यवस्थाओं की गुणवत्ता और आमजन को मिल रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की।
सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीनना, काजीखेड़ा, जसोई, बिरालसी, दूधली, बलवाखेड़ी और लालूखेड़ी में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मेलों में मौजूद चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और आशा कार्यकर्ताओं से सीधे जानकारी लेकर सेवाओं की स्थिति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ परामर्श, दवाओं के वितरण, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सेवाओं, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा गैर संचारी रोगों की जांच जैसी सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से मिले।
डॉ. सुनील तेवतिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आमजन तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाएं।
सीएमओ ने आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में पहुंचें और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही स्वस्थ समाज की सबसे बड़ी आधारशिला है।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

