सोमवार की सुबह दुद्धी रेलवे स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में स्थित दुद्धी रेलवे स्टेशन के पास पोल संख्या 77/51 और 77/53 के बीच सुबह लगभग 5:00 बजे अप रेल इंजन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन इंजन की तेज रफ्तार के कारण व्यक्ति का शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शरीर दो हिस्सों में कट गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मौके पर मौजूद जीआरपी पुलिस के उप निरीक्षक श्रीकांत मौर्य मृतक की पहचान कराने में जुटे हुए हैं। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हादसे की खबर फैलते ही रेलवे ट्रैक के पास स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ लग गई। पुलिस ने लोगों को वहां से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस के अनुसार शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया की जा रही है और मृतक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को सूचना दी जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह हादसा था या किसी अन्य कारण से व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आया।

