Thursday, October 1, 2026

झांसी में पुलिस के सामने खूनी संघर्ष, निर्माण विवाद में लाठी-डंडे चले !



झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र के खुशीपुरा इलाके से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। निर्माण कार्य को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। हैरानी की बात यह रही कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और लोहे के एंगल से हमला पुलिस की मौजूदगी में हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार खुशीपुरा निवासी कुमार यादव अपने घर की सीढ़ियों की मरम्मत करा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी बहादुर राय अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। बहादुर राय ने कथित तौर पर कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए निर्माण कार्य रुकवाने की बात कही।

जब कुमार यादव ने काम रोकने से इनकार किया तो विवाद अचानक उग्र हो गया। आरोप है कि बहादुर राय और उसके साथियों ने पुलिस के सामने ही लाठी-डंडों और लोहे के एंगल से हमला कर दिया। इस हमले में कुमार यादव समेत उनके परिवार के चार लोग घायल हो गए। कुमार यादव के सिर में गंभीर चोट आई है और उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी मारपीट रिकॉर्ड हो गई। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निर्माण विवाद से उपजा यह संघर्ष कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है, खासकर तब जब मारपीट पुलिस की मौजूदगी में हुई। अब सबकी नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है।

Latest news
Related news