मुज़फ्फरनगर। भीषण गर्मी, तेज धूप और लगातार बढ़ती हीटवेव के खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। आम जनता के साथ-साथ अब जेल प्रशासन ने भी बंदियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए विशेष इंतजाम शुरू कर दिए हैं। मुज़फ्फरनगर जिला कारागार में गर्मी और लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है, वहीं बंदियों के लिए ठंडे पानी, छांव और बैरकों में रहने की विशेष व्यवस्था की गई है।
जिला कारागार अधीक्षक अभिषेक चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए जेल प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। जेल मैनुअल के अनुसार कारागार परिसर में कई स्थानों पर मटकों में ठंडे पानी की व्यवस्था कराई गई है ताकि बंदियों को गर्मी से राहत मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि सभी बंदियों को हीटवेव और लू से बचने के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। बंदियों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलें और अधिक समय बैरकों के अंदर ही बिताएं। जेल प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है ताकि किसी भी बंदी की तबीयत गर्मी की वजह से खराब न हो।
कारागार अधीक्षक ने कहा कि मई और जून की भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए भोजन व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नियमानुसार बंदियों को समय पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है और स्वास्थ्य संबंधी सभी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता पर रखा गया है। जेल प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी बंदी को गर्मी, लू या हीटवेव के कारण कोई दिक्कत न हो।
उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।

