थानाभवन क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही छात्राओं का रास्ता रोककर वीडियो बनाना और सोशल मीडिया पर रील डालना एक युवक को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मामला शामली जनपद के थानाभवन क्षेत्र का है, जहां आरोपी युवक छात्राओं का पीछा करते हुए उनका रास्ता रोककर वीडियो बना रहा था। आरोप है कि वह छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां भी कर रहा था और उन वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहा था। जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने इसे बेटियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने भी मामले का संज्ञान लिया और पुलिस अधिकारियों को तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि क्षेत्र में बहन-बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की हरकत किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस ने बिना देरी किए कार्रवाई करते हुए आरोपी शाहनवाज पुत्र इरशाद निवासी थानाभवन को हिरासत में ले लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी माफी मांगता नजर आया, लेकिन पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में साफ संदेश गया है कि महिलाओं और छात्राओं के साथ अभद्रता करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मनचलों पर सख्त कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके।

