मेरठ जनपद के मवाना थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब मवाना खुर्द पुलिस चौकी के पास खड़ी एक स्विफ्ट डिजायर कार में अचानक भीषण आग लग गई। यह कार एक मुकदमे में जब्त बताई जा रही है और पुलिस चौकी के पास खड़ी थी। अचानक कार से आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की ऊंची लपटें उठती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और आसपास के ग्रामीण तुरंत वहां पहुंचे और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। काफी देर तक स्थानीय लोग और पुलिस मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास करते रहे। हालांकि आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में पूरी कार जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई थी, लेकिन चौकी के नजदीक स्थित भैंसा टोल से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच सकी। बाद में मटोरा मार्ग स्थित फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
घटना को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। जिस वाहन को पुलिस ने मुकदमे में जब्त कर चौकी के पास खड़ा किया था, उसमें अचानक आग लगना बेहद गंभीर मामला माना जा रहा है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में भी मवाना खुर्द पुलिस चौकी परिसर में खड़े कई वाहनों में आग लगने की घटना सामने आ चुकी है। उस घटना के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की निगरानी को लेकर सवाल उठे थे। अब एक बार फिर चौकी के पास खड़ी कार में आग लगने की घटना ने पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर मुकदमे में जब्त कार में आग कैसे लगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जनपद मेरठ से संवाददाता दीपक वर्मा की रिपोर्ट।

