Thursday, October 1, 2026

चाइनीज़ मांझा अब बनेगा हत्या का मामला, मुजफ्फरनगर में पुलिस की सख्त कार्रवाई।



खबर पश्चिमी यूपी के जनपद मुजफ्फरनगर से है।


उत्तर प्रदेश में चाइनीज़ मांझे से लगातार हो रहे जानलेवा हादसों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिए हैं कि चाइनीज़ मांझे से होने वाली मौतों को अब ‘हत्या’ की श्रेणी में माना जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

मुख्यमंत्री के आदेश के बाद प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चाइनीज़ मांझे की बिक्री रोकने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की गई।

नई मंडी थाना, नगर कोतवाली और खालापार थाना क्षेत्र में पुलिस टीमों ने पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों पर सघन जांच अभियान चलाया। नई मंडी थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा की टीम ने दुकानों का निरीक्षण कर दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि किसी भी हालत में चाइनीज़ मांझा नहीं बेचा जाए।

वहीं खालापार पुलिस चौकी प्रभारी असगर अली के नेतृत्व में दुकानों और गोदामों की गहन तलाशी ली गई। पुलिस ने मांझे की बारीकी से जांच की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं भी प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा मौजूद न हो।

पुलिस प्रशासन ने दो टूक कहा है कि यदि कोई दुकानदार या व्यक्ति चाइनीज़ मांझा बेचते या इस्तेमाल करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों की जान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

गौरतलब है कि यह सख्त अभियान हाल ही में लखनऊ में एक युवक की चाइनीज़ मांझे से हुई दर्दनाक मौत के बाद शुरू किया गया है। प्रशासन का साफ संदेश है—
अब लापरवाही नहीं, सीधी कार्रवाई होगी।


जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news