मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना खालापार क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ एक मनचले युवक ने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ जबरन छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। हालांकि, पड़ोसियों की सजगता के चलते एक बड़ी वारदात होने से टल गई। स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर ही दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है।
सीसीटीवी फुटेज से खुला आरोपी का राज
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार की है। पीड़ित छात्रा (उम्र करीब 16-17 वर्ष, इंटर की छात्रा) अपने घर पर अकेली थी। इसी दौरान क्षेत्र में रेकी कर रहे एक युवक ने उसे अकेला पाकर चुपके से उसके घर में प्रवेश कर लिया।
गनीमत यह रही कि सामने की दुकान चलाने वाले स्थानीय दुकानदार अनुज कुमार की नजर अपनी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की स्क्रीन पर पड़ गई। उन्होंने युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा के घर में दाखिल होते हुए देख लिया। शक होने पर दुकानदार ने तुरंत आस-पास के मोहल्ले वालों को इकट्ठा किया और पीड़िता के घर की तरफ दौड़े।
रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी, की गई धुनाई
जब स्थानीय लोग घर के भीतर पहुंचे, तो नजारा देखकर दंग रह गए। आरोपी युवक नाबालिग छात्रा के साथ जबरदस्ती कर रहा था और उसका हाथ मरोड़ रहा था। लोगों को आता देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद भीड़ ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गुस्से में आए स्थानीय लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी और तुरंत ‘डायलब 112’ के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
पहचान छिपाकर छात्रा को कर रहा था ब्लैकमेल
स्थानीय दुकानदार अनुज कुमार ने बताया कि आरोपी युवक काफी समय से इलाके में संदिग्ध रूप से चक्कर काट रहा था। पूछताछ और छानबीन में सामने आया कि आरोपी गैर-समुदाय (मुस्लिम समाज) का है, जिसका असली नाम शोएब है और वह लालूखेड़ी का निवासी है।
दुकानदार का बड़ा खुलासा:
“आरोपी युवक इलाके में अपनी पहचान छिपाकर अपना नाम ‘राज’ बताता था। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे पिछले कुछ समय से इंस्टाग्राम के माध्यम से मानसिक रूप से प्रताड़ित और ब्लैकमेल कर रहा था। वह छात्रा को ‘हाथ काट लेने’ जैसी धमकियां देकर डराता-धमकाता भी था।”
पुलिस की कार्रवाई और आधिकारिक बयान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी शोएब के खिलाफ संगीन और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है।
आधिकारिक बयान (बाइट)
112 के माध्यम से थाना खालापार पुलिस को सूचना मिली थी कि दक्षिणी कृष्णापुरी में शोएब नाम के एक व्यक्ति ने नाबालिग लड़की के घर में घुसकर जबरन छेड़छाड़ की है। इस संबंध में थाना खालापार द्वारा तहरीर प्राप्त कर तत्काल उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
सिद्धार्थ के. मिश्रा (एएसपी, मुजफ्फरनगर)
इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है, वहीं पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया है।

