ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक वेगनआर कार और ट्रक के बीच टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक बच्ची घायल हो गई।
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी चार लोग वेगनआर कार से बनारस की ओर जा रहे थे। जब उनकी गाड़ी दादरी कट से गाजियाबाद की दिशा में ग्राम शाहपुर अंडरपास के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई और बैरियर से टकरा गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में विवेक, उनकी पत्नी ममता और राम की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, विवेक की पुत्री परी घायल हो गई, जिसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एसीपी दादरी प्रशाली गंगवार के अनुसार, शुरुआती जांच में ट्रक चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर चलते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

