Friday, October 2, 2026

ग्राम प्रधानों का बढ़ा कार्यकाल, पश्चिम यूपी में बड़ा राजनीतिक संदेश!



नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली स्थित 25 तुगलक रोड पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के आवास पर बुधवार को पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रधान संगठन के पदाधिकारियों और सैकड़ों ग्राम प्रधानों का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला। ग्राम प्रधानों ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाए जाने के फैसले पर खुशी जताते हुए केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान प्रधानों ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से गांवों में चल रहे विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और अधूरे कार्यों को पूरा करने में आसानी होगी। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्राम प्रधानों ने इसे ग्रामीण विकास और पंचायत व्यवस्था को मजबूत करने वाला फैसला बताया।

बैठक के दौरान यह भी चर्चा में रहा कि इस पूरी प्रक्रिया को सफल बनाने में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार की विशेष और महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रधानों और संगठन के पदाधिकारियों ने उनके प्रयासों की खुलकर सराहना की।

अपने संबोधन में जयंत चौधरी ने सभी ग्राम प्रधानों का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि ग्राम सभाओं में विकास कार्य पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और जनहित की भावना से होने चाहिए। उन्होंने प्रधानों से अपील की कि गांवों में सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास लगातार मजबूत होता रहे।

जयंत चौधरी ने कहा कि गांव और किसान देश की असली ताकत हैं और राष्ट्रीय लोकदल हमेशा किसानों, मजदूरों और ग्रामीण समाज के हितों के लिए संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत व्यवस्था को मजबूत किए बिना गांवों का समग्र विकास संभव नहीं है।

इस मौके पर मौजूद प्रधानों ने एक स्वर में कहा कि सरकार के फैसले से गांवों में विकास योजनाओं को रुकने नहीं दिया जाएगा और पंचायत स्तर पर चल रहे कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय लोकदल के प्रति ग्राम प्रधानों और ग्रामीण प्रतिनिधियों का बढ़ता समर्थन भी साफ दिखाई दिया।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पश्चिम उत्तर प्रदेश में ग्राम प्रधानों की यह बड़ी मौजूदगी आने वाले समय में ग्रामीण राजनीति में बड़ा संदेश देने वाली साबित हो सकती है।

Latest news
Related news