खबर उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर से है।
मुजफ्फरनगर।
आगामी गणतंत्र दिवस को लेकर मुजफ्फरनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने पुलिस बल के साथ स्वयं सड़क पर उतरकर कोतवाली नगर और खालापार थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान की निगरानी की। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा देखने को मिला।
पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने, बिना वैध दस्तावेज के वाहन संचालन, गलत दिशा में वाहन चलाने और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर चालान और विधिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसी भी तरह की लापरवाही, अफवाह या अव्यवस्था को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने कहा कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस द्वारा लगातार निगरानी, चेकिंग और गश्त की जा रही है, ताकि आम नागरिक निर्भय होकर गणतंत्र दिवस समारोह में भाग ले सकें।
📢 एसपी सिटी का जनता के नाम संदेश
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने आम जनता से अपील करते हुए कहा—
“गणतंत्र दिवस हम सभी के लिए गर्व और सम्मान का पर्व है। सभी नागरिकों से अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें। मुजफ्फरनगर पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क है, कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

