मुजफ्फरनगर के जैन कन्या पाठशाला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या प्रोफेसर डॉ. सीमा जैन ने की, जबकि आयोजन अंग्रेज़ी विभाग की ओर से किया गया।
इस दौरान छात्राओं को “स्किल इंडिया” अभियान के तहत टी-शर्ट्स का निःशुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को कौशल विकास के प्रति जागरूक करना, उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना तथा “कौशल भारत – कुशल भारत” के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाना रहा।
प्राचार्या डॉ. सीमा जैन ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल भी उतने ही आवश्यक हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने हुनर को पहचानने और उसे विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी बताया कि स्किल इंडिया मिशन देशभर में विभिन्न कौशल विकास योजनाओं को एक मंच पर लाकर उनके प्रभावी संचालन और निगरानी का कार्य करता है।
अंग्रेज़ी विभाग की शिक्षिकाओं—डॉ. मनीषा अग्रवाल, डॉ. पारुल जैन, डॉ. वंदना शर्मा, कु. अंजली और कु. सिमरन—ने भी छात्राओं को कौशल विकास के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने टी-शर्ट्स प्राप्त कर खुशी व्यक्त की और प्राचार्या सहित सभी शिक्षिकाओं का आभार जताया। यह पहल न केवल छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम बनी, बल्कि उन्हें अपने कौशल को निखारने और देश के विकास में योगदान देने के लिए भी प्रेरित करती है।

