शामली। जनपद शामली में पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आपूर्ति विभाग, एसओजी, सर्विलांस और कांधला पुलिस की संयुक्त टीम ने कैराना-कांधला मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप को सीज कर दिया। जांच में सामने आया कि पेट्रोल पंप पर हरियाणा से लाया गया अपमिश्रित (मिलावटी) डीजल खरीदकर ग्राहकों को बेचा जा रहा था। मामले में पेट्रोल पंप के मैनेजर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पेट्रोल पंप मालिकों सहित तीन आरोपी अभी फरार हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी अंकुर यादव को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक पिकअप गाड़ी के माध्यम से अवैध रूप से डीजल और पेट्रोल की कालाबाजारी की जा रही है। सूचना के आधार पर आपूर्ति विभाग, एसओजी, सर्विलांस और कांधला पुलिस की संयुक्त टीम ने कैराना-कांधला मार्ग पर जिड़ाना पुलिया के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान पिकअप से प्लास्टिक के तीन बड़े ड्रम, तीन कैन, तेल निकालने की मशीन, प्लास्टिक पाइप और अन्य उपकरण बरामद किए गए। जांच में ड्रमों और कैनों में कुल 750 लीटर अपमिश्रित डीजल मिला। मौके से राहुल निवासी धनौरा (बागपत), राजन निवासी दुलैरा (मुजफ्फरनगर) और अशोक निवासी जगदीशपुर (सोनीपत, हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वे हरियाणा के सोनीपत जनपद स्थित असौदा क्षेत्र के आसपास होटलों से चोरी का तेल सस्ते दामों में खरीदते थे। इसके बाद तेल में थिनर मिलाकर उसे कैराना स्थित स्टार फिलिंग स्टेशन पर बेचते थे। इस पूरे कारोबार में उनका साथी मोहित निवासी धनौरा (बागपत) पैसों का लेन-देन संभालता था और मुनाफा सभी आरोपी आपस में बांट लेते थे।
आरोपियों ने बताया कि कार्रवाई से कुछ समय पहले ही वे पांच ड्रम तेल स्टार फिलिंग स्टेशन पर बेचकर आए थे। इसके बाद टीम आरोपियों को साथ लेकर कैराना में मीट फैक्ट्री के सामने स्थित स्टार फिलिंग स्टेशन पहुंची। वहां मौजूद पेट्रोल पंप प्रबंधक मुजम्मिल निवासी मोहल्ला शेखबद्दा, कैराना ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर पेट्रोल पंप परिसर से पांच नीले प्लास्टिक ड्रम बरामद किए गए। इनमें दो ड्रम खाली और तीन ड्रमों में करीब 600 लीटर अपमिश्रित डीजल भरा मिला। पूछताछ में मैनेजर मुजम्मिल ने स्वीकार किया कि पेट्रोल पंप मालिक रिजवान और परवेज निवासी मोहल्ला छड़ियान, कैराना के कहने पर यह तेल खरीदा गया था। उसने बताया कि अधिक मुनाफा कमाने के लिए मिलावटी तेल खरीदकर ग्राहकों को बेचा जाता था। पांच ड्रमों में से दो ड्रम का तेल पहले ही बेचा जा चुका था, जबकि तीन ड्रम बरामद कर लिए गए।
गंभीर अनियमितता और उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी सामने आने के बाद आपूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंप को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। जिला पूर्ति अधिकारी ने जिलाधिकारी की अनुमति के बाद आरोपियों के खिलाफ कांधला कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

