Thursday, October 1, 2026

कचेहरी में दिनदहाड़े गोलीकांड, अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल।


सी

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में कानून के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले कचेहरी परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिनदहाड़े एक अधिवक्ता को गोली मार दी गई। इस घटना ने न केवल वहां मौजूद लोगों को दहशत में डाल दिया, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, कचेहरी परिसर में अधिवक्ता जितेंद्र राज पर उनके ही चचेरे भाई और अधिवक्ता विराट राज ने अचानक गोली चला दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जो आज हिंसक रूप ले बैठा।

गोली लगते ही जितेंद्र राज गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी विराट राज मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े कचेहरी जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कचेहरी जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर इस तरह की वारदात कैसे हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Latest news
Related news