उन्नाव जिले के अचलगंज थाना क्षेत्र के हड़हा गांव में गुरुवार को उस समय बड़ा बवाल खड़ा हो गया जब जुआ खेलने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम का गांव वालों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस की एक जीप भी क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के मुताबिक जुआ खेलने की सूचना मिलने पर एक सिपाही गांव में पहुंचा था। इसी दौरान किसी युवक से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान सिपाही ने युवक को थप्पड़ मार दिया, जिससे माहौल अचानक गरमा गया। सिपाही के इस रवैये से नाराज युवक के परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और सड़क जाम कर दी।
सड़क जाम और बढ़ते तनाव की सूचना मिलते ही अचलगंज थाना प्रभारी और सीओ बीघापुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों के पहुंचने के बाद भी स्थिति तुरंत काबू में नहीं आई और गुस्साई भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में थाना प्रभारी अचलगंज की जीप क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि इस दौरान एक सिपाही और एक सब-इंस्पेक्टर के साथ मारपीट भी की गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के थानों से भारी पुलिस बल को मौके पर भेजा गया और हालात को काबू में करने की कोशिश की गई।
फिलहाल पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

