Thursday, October 1, 2026

आवारा सांड का कहर: 12 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत।

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक बेहद दुखद और चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां आवारा छुट्टा जानवरों की समस्या ने एक मासूम की जान ले ली। कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के कुतुबपुर कांधी गांव में 12 साल के बच्चे अमन की सांड के हमले में मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि अमन अपने दोस्तों के साथ गांव में खेल रहा था, तभी अचानक एक आवारा सांड वहां आ पहुंचा। इससे पहले कि बच्चे कुछ समझ पाते, सांड ने अमन पर हमला कर दिया। सांड ने बच्चे को पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास मौजूद लोग जब तक बच्चे को बचाने के लिए दौड़े, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अमन की मौत से पूरे गांव में शोक और डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा पशुओं का आतंक है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा जानवरों की समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों।

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक आवारा पशु आम लोगों की जान के लिए खतरा बने रहेंगे।

Latest news
Related news