ग्राम पीपलसाह में एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने एक नीलगाय के बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। कुत्तों के हमले से जान बचाने के लिए भागता हुआ नीलगाय का बच्चा गांव निवासी धर्मपाल शर्मा के घर के परिसर में जा घुसा, जहां वह अब भी गंभीर हालत में पड़ा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्तों का झुंड काफी आक्रामक था और उन्होंने नीलगाय के बच्चे को बुरी तरह नोच डाला। फिलहाल उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह दर्द से कराह रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता विकास शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तुरंत वन विभाग के उच्च अधिकारियों को सूचित करते हुए मामले की गंभीरता से अवगत कराया।
विकास शर्मा ने अधिकारियों से मांग की है कि वे इस मूक पशु की पीड़ा को समझें और बिना देरी किए तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराएं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि घायल नीलगाय को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसका उचित इलाज किया जाए, ताकि उसकी जान बचाई जा सके।
गांव के लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या अब जानवरों के लिए ही नहीं बल्कि इंसानों के लिए भी खतरा बनती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
फिलहाल सभी की नजर वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है, ताकि समय रहते घायल नीलगाय को बचाया जा सके।

