अमेठी | 07 मार्च 2026
खाड़ी देशों में बढ़ते युद्ध जैसे हालात और कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच देश के कई हिस्सों में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहें फैलने लगी हैं। इसी को लेकर अमेठी प्रशासन ने स्थिति साफ करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह का संकट नहीं है।
अमेठी जिले के अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर पहुंचे लोगों ने भी बताया कि उन्हें पहले की तरह ही आसानी से पेट्रोल और डीजल मिल रहा है। फिलहाल न तो किसी प्रकार की किल्लत है और न ही कीमतों में कोई बदलाव देखने को मिला है। लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया और बाजार में फैल रही अफवाहों के कारण कुछ लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि वास्तविक स्थिति सामान्य है।
वहीं पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने भी साफ किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देश पर नियमित रूप से पर्याप्त मात्रा में ईंधन की आपूर्ति की जा रही है। पंप संचालकों के मुताबिक सप्लाई चेन सामान्य है और स्टॉक भी पर्याप्त मात्रा में मौजूद है।
इस पूरे मामले को लेकर अमेठी के जिलाधिकारी संजय चौहान ने भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले में डीजल और पेट्रोल को लेकर किसी भी प्रकार का संकट नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने सुबह ही संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मामले की समीक्षा की है और सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें। जिले में न तो पेट्रोल और डीजल की कमी है और न ही कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करने की भी सलाह दी, ताकि सभी को सामान्य रूप से ईंधन उपलब्ध होता रहे।
प्रशासन ने साफ किया है कि हालात पूरी तरह सामान्य हैं और अफवाहों के कारण घबराने की जरूरत नहीं है। यदि कहीं भी कृत्रिम संकट पैदा करने या अफवाह फैलाने की कोशिश की जाती है तो उस पर सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।

