नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी में होली के दिन एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक की उसकी प्रेमिका के भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी। त्योहार की खुशियों के बीच हुई इस वारदात से पूरी सोसाइटी में हड़कंप मच गया। यह मामला थाना सेक्टर-113 क्षेत्र का बताया जा रहा है।
मृतक की पहचान 39 वर्षीय साहिल सिंघल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार साहिल पहले से शादीशुदा था और पिछले करीब चार वर्षों से उसका एक महिला के साथ विवाहेत्तर संबंध चल रहा था।
बताया जा रहा है कि होली के मौके पर वह महिला अपने दो भाइयों के साथ साहिल से मिलने आईवी काउंटी सोसाइटी पहुंची थी। सोसाइटी में एंट्री खुद साहिल ने ही दिलाई थी। मुलाकात के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि महिला के एक भाई ने गुस्से में आकर साहिल पर गोली चला दी।
गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल साहिल को तुरंत परिजन पास के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सोसाइटी में होली की खुशियां मातम में बदल गईं और लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
एडीसीपी मनीषा के अनुसार, मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

