Thursday, October 1, 2026

होटल पर पुलिस की बड़ी रेड, कई युवक-युवतियां हिरासत में।



उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नई मंडी कोतवाली पुलिस और AHTU टीम ने संयुक्त रूप से पचेण्डा रोड स्थित होटल “रोज इन” (ओयो होटल) पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस को होटल के कमरों में कई युवक-युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस ने होटल कर्मचारियों सहित कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, इस होटल में बाहर से लड़कियां बुलाकर ग्राहकों को उपलब्ध कराए जाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल में जिस्मफरोशी का अवैध धंधा चल रहा था।

छापेमारी के दौरान होटल के रजिस्टर और दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें कई गड़बड़ियां पाई गईं। पुलिस ने होटल संचालन से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर अपराध और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नई मंडी पुलिस और AHTU टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। छापेमारी में कुछ जोड़े आपत्तिजनक स्थिति में मिले और होटल में कई अनियमितताएं सामने आई हैं।

उन्होंने बताया कि होटल तीन लोगों की साझेदारी में चल रहा था, जिनमें से दो लोग मौके पर मौजूद मिले, जिनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद इस धंधे में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।


जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news