Friday, October 2, 2026

होटल के खाने में छिपकली, युवक की हालत गंभीर!



मुज़फ्फरनगर। जनपद के मीरापुर बस स्टैंड स्थित एक होटल में परोसे गए खाने में मरी हुई छिपकली निकलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दूषित भोजन खाने के बाद एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे पहले मीरापुर सीएचसी, फिर जिला अस्पताल मुज़फ्फरनगर और हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर करना पड़ा। घटना के बाद पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर पहुंचकर होटल को सील कर दिया और खाने के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम तुल्हेडी निवासी रोहन पुत्र ज्ञान सिंह मीरापुर बस स्टैंड स्थित एक होटल में खाना खाने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि खाना खाते समय सब्जी में मरी हुई छिपकली दिखाई दी। तब तक युवक काफी मात्रा में खाना खा चुका था। छिपकली दिखने के कुछ देर बाद ही युवक की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे तेज उल्टी-दस्त शुरू हो गए। हालत गंभीर होते देख परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरापुर लेकर पहुंचे।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल मुज़फ्फरनगर रेफर कर दिया, लेकिन वहां भी हालत में खास सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टरों ने रोहन को बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज मेरठ के एक अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ जानसठ ऋषिका सिंह और फूड अधिकारी विशाल चौधरी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने होटल में जांच-पड़ताल की और तत्काल प्रभाव से होटल को सील कर दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने होटल से खाने के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं।

मौके पर इंस्पेक्टर मीरापुर राजीव शर्मा, किथौड़ा चौकी इंचार्ज मोहित और पुलिस बल भी मौजूद रहा। जैसे ही कस्बे में फूड विभाग की कार्रवाई की खबर फैली, बस स्टैंड और आसपास के कई होटल संचालकों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के डर से कई होटल संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से फरार हो गए।

सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने साफ कहा कि लोगों की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित होटल संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं फूड अधिकारी विशाल चौधरी ने बताया कि सैंपल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और कस्बे के अन्य होटलों की भी जांच कराई जाएगी।

Latest news
Related news