Friday, October 2, 2026

हाई वोल्टेज ने मचाई तबाही, सैकड़ों घरों के उपकरण फुंके!



मुज़फ्फरनगर के आदर्श कॉलोनी इलाके में मंगलवार दोपहर अचानक आए हाई वोल्टेज ने भारी तबाही मचा दी। तेज करंट की वजह से सैकड़ों घरों और दुकानों में लगे बिजली के उपकरण देखते ही देखते जल गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकल आए। कॉलोनीवासियों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और नुकसान की भरपाई की मांग उठाई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह से ही इलाके की बिजली सप्लाई बंद थी। दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच अचानक बिजली सप्लाई शुरू हुई, लेकिन सप्लाई सामान्य नहीं थी। लोगों का कहना है कि बिजली के साथ अचानक इतना तेज वोल्टेज आया कि घरों में लगे पानी के मोटर, इन्वर्टर, पंखे, टीवी, मोबाइल चार्जर, लेपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एक-एक कर फुंकने लगे। कई घरों में वायरिंग से धुआं उठने लगा, जिससे लोग घबरा गए और बच्चों व बुजुर्गों को लेकर घरों से बाहर भागे।

घटना के बाद कॉलोनी में दहशत और गुस्से का माहौल फैल गया। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही ने उन्हें लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया है। कई दुकानदारों ने बताया कि उनके व्यापार में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी खराब हो गए, जिससे उनका कामकाज प्रभावित हो गया है। लोगों का आरोप है कि अगर बिजली विभाग समय रहते सावधानी बरतता तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता।

हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों ने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और क्षतिग्रस्त उपकरणों का मुआवजा देने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए एक साथ इतने उपकरण दोबारा खरीद पाना बेहद मुश्किल है।

वहीं मामले में बिजली विभाग के एसडीओ ने बताया कि इलाके में सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठेकेदार की लेबर द्वारा ट्रांसफार्मर से गलत कनेक्शन कर दिया गया था, जिसकी वजह से हाई वोल्टेज की समस्या पैदा हुई हो सकती है। विभाग की ओर से पूरे मामले की जांच जेई स्तर पर कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Latest news
Related news