Thursday, October 1, 2026

हाईवे पर धधकी वॉल्वो बस, शॉर्ट सर्किट से चंद मिनटों में राख!



बागपत जिले में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब हाईवे पर चल रही एक वॉल्वो बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस धू-धू कर जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी फैक्ट्री कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार बस मुजफ्फरनगर से फैक्ट्री कर्मचारियों को लेकर ड्यूटी के लिए जा रही थी। बस में कुल 5 कर्मचारी सवार थे। जैसे ही बस बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के बावली गांव के पास हाईवे पर पहुंची, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका। कर्मचारियों को जल्दबाजी में नीचे उतारा गया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई।

बताया जा रहा है कि बस बबलू ट्रेवलर की थी। सूचना मिलते ही फायर विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। एहतियातन पुलिस ने हाईवे को वन-वे कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की विस्तृत जांच में जुटी है। इस घटना ने एक बार फिर वाहनों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हाईवे पर हुई इस घटना ने आसपास के लोगों को दहला दिया। राहत की बात सिर्फ इतनी रही कि समय रहते सभी कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

Latest news
Related news