Thursday, October 1, 2026

हर्ष फायरिंग ने छीनी मासूम की मुस्कान !



बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हर्ष फायरिंग की एक दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। 19 फरवरी की शाम नगर कोतवाली क्षेत्र की सुनारों वाली गली में हुई फायरिंग के दौरान छत पर खड़े 9 वर्षीय मासूम रेयांश सोनी के सिर में गोली लग गई। गंभीर हालत में बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां वह अभी भी हायर सेंटर में उपचाराधीन है।

बताया जा रहा है कि किसी समारोह के दौरान की गई लापरवाही भरी हर्ष फायरिंग ने एक मासूम की जिंदगी को खतरे में डाल दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और लोगों में आक्रोश फैल गया।

घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पूरे 9 दिन की तलाश और जांच के बाद फायरिंग करने वाले नाबालिग बाल अपचारी और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है।

इस संबंध में एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि हर्ष फायरिंग जैसी लापरवाह और गैरकानूनी हरकतों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि आखिर खुशियों के मौके पर की जाने वाली ऐसी फायरिंग कब रुकेगी? एक मासूम आज जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है, और उसका परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Latest news
Related news