मुजफ्फरनगर, 5 अप्रैल 2026 — जनपद में चल रहे मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने रविवार को कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नावला, मंसूरपुर, जड़ौदा, बडसू और बोपाडा का दौरा किया। हर केंद्र पर ओपीडी सेवाओं, दवा वितरण, साफ-सफाई, टीकाकरण और मरीजों के इलाज की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया।
जांच में जहां कुछ स्थानों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, वहीं कुछ केंद्रों पर कमियां भी सामने आईं। इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए और साफ चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. तेवतिया ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का उद्देश्य आम जनता को निःशुल्क और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, रजिस्टरों के सही रख-रखाव और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाएं और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने यह भी कहा कि जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित रूप से निरीक्षण जारी रहेगा। प्रशासन की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, और इसके लिए किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं होने दी जाएगी।

