मुजफ्फरनगर।
राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी मांगेराम त्यागी ने योग साधना आश्रम के संस्थापक स्वामी यशवीर महाराज के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उन पर समाज में धार्मिक ध्रुवीकरण का माहौल बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म विशेष के खिलाफ लगातार विवादित बयान देना सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं है और इससे समाज में अनावश्यक तनाव पैदा होता है।
मांगेराम त्यागी ने कहा कि किसी समुदाय के कुछ लोगों की गतिविधियों के आधार पर पूरे समाज को कटघरे में खड़ा करना न तो न्यायसंगत है और न ही संविधान की भावना के अनुरूप। उन्होंने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता और सभी धर्मों व समुदायों की साझी भागीदारी में है। ऐसे में समाज को बांटने वाली बयानबाजी से बचना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्वामी यशवीर महाराज चरथावल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं और इसी कारण वह लगातार हिंदू-मुस्लिम मुद्दों पर बयान देकर सुर्खियों में बने रहने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना था कि चुनावी लाभ के लिए धार्मिक भावनाओं को भड़काने की राजनीति लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक एकता दोनों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।
मांगेराम त्यागी ने कहा कि मुस्लिम समुदाय देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, कृषि और अन्य क्षेत्रों में मुस्लिम समाज का उल्लेखनीय योगदान है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एवं प्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसलिए पूरे समुदाय को संदेह की नजर से देखना या उसके खिलाफ माहौल बनाना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा, “हर धर्म और हर जाति में कुछ लोग गलत हो सकते हैं, लेकिन कुछ लोगों की वजह से पूरे समाज को दोषी ठहराना गलत है। समाज को जोड़ने की जरूरत है, तोड़ने की नहीं।”
किसानों के मुद्दों को उठाते हुए मांगेराम त्यागी ने कहा कि उन्होंने आज तक स्वामी यशवीर महाराज को किसानों की समस्याओं पर खुलकर बोलते नहीं देखा। उनका आरोप था कि किसान नेताओं, विशेषकर राकेश टिकैत, पर लगातार मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, लेकिन इस विषय पर स्वामी यशवीर की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आती।
शामली के चर्चित धर्मांतरण प्रकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आयुष मलिक से जुड़े मामले में संबंधित युवक के पिता, परिजनों और समाज के लोगों ने आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
मांगेराम त्यागी ने प्रशासन और समाज के सभी जिम्मेदार लोगों से अपील की कि धार्मिक और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए संयमित भाषा का प्रयोग किया जाए तथा ऐसे बयानों से बचा जाए जो समाज में वैमनस्य बढ़ाने का कारण बन सकते हैं।
हालांकि, इस पूरे मामले में स्वामी यशवीर महाराज की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

