Thursday, October 1, 2026

सीएमओ ने बुढ़ाना सीएचसी का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा।

खबर पश्चिमी यूपी के जनपद मुजफ्फरनगर से है।

जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बुढ़ाना का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा भी उनके साथ मौजूद रहीं।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ओपीडी, लेबर रूम, दवा वितरण कक्ष, पंजीकरण काउंटर, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और दवाओं की उपलब्धता का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अवसर पर राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के अंतर्गत लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। इस पहल से दृष्टि संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई गई।

सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रणव तेवतिया को निर्देशित किया कि मरीजों को समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाए, अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखी जाए और शासन की योजनाओं को पूरी गंभीरता के साथ लागू किया जाए।

इसके बाद सीएमओ ने आशा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनके कार्यों की समीक्षा की। बैठक में आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया पर विशेष चर्चा हुई। आशा कार्यकर्ताओं को पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनवाने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी जरूरतमंद योजना के लाभ से वंचित न रहे।

बैठक के दौरान गर्भवती महिलाओं की देखभाल, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, परिवार नियोजन, क्षेत्रीय सर्वेक्षण और जन-जागरूकता कार्यों की भी समीक्षा की गई। सीएमओ ने आशा कार्यकर्ताओं से इन कार्यों में और अधिक सक्रियता लाने को कहा।

सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि जनपद में आम जनता को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमित निरीक्षण और समीक्षा के माध्यम से कमियों की पहचान कर उन्हें जल्द दूर किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना का समस्त चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहा।

Latest news
Related news