शास्त्री नगर सेंटर मार्केट में उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई जब आवास विकास की टीम 44 भूखंडों पर सील लगाने की कार्रवाई के लिए पहुंची। इस कार्रवाई का व्यापारियों ने जोरदार विरोध किया और मौके पर भारी हंगामा देखने को मिला।
व्यापारियों का आरोप है कि आवास विकास विभाग ने उनसे लैंड कन्वर्ज़न के नाम पर करीब 70 करोड़ रुपये पहले ही जमा करा लिए हैं। इसके बावजूद अब सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है, जिससे व्यापारियों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि जब पैसा जमा हो चुका है तो फिर यह कार्रवाई क्यों की जा रही है और उनका पैसा कहां गया।
मौके पर स्थिति तब और बिगड़ गई जब समाजवादी पार्टी से जुड़े व्यापारी नेता जीतू नागपाल और एसडीएम बृजेश सिंह के बीच तीखी बहस हो गई। बताया जा रहा है कि जीतू नागपाल द्वारा नारेबाजी किए जाने पर एसडीएम बृजेश सिंह नाराज हो गए और उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले को राजनीतिक रंग न दिया जाए। उन्होंने साफ कहा कि यह कार्रवाई व्यापारियों के हित से जुड़ी है और इसमें राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, उन्होंने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और एक व्यापारी अचानक बेहोश हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला। वहीं, सपा विधायक अतुल प्रधान और अन्य व्यापारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है। व्यापारी अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं, जबकि प्रशासन अपनी कार्रवाई को सही ठहरा रहा है। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।

