Thursday, October 1, 2026

वृन्दावन में पुलिसकर्मी और ई-रिक्शा चालक के बीच हंगामा, आरोप-प्रत्यारोप से मचा बवाल।

मथुरा के वृन्दावन क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक पुलिसकर्मी और ई-रिक्शा चालक के बीच विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। वृन्दावन कोतवाली इलाके के बनखंडी बाजार में हुए इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने गंभीर रूप धारण कर लिया है।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी और ई-रिक्शा चालक के बीच तीखी खींचतान हो रही है। दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ जाती है कि मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो जाती है। लोग तमाशबीन बने रहते हैं और कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश भी करते नजर आते हैं।

बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा चालक पुलिसकर्मी से पैसे की मांग कर रहा था। वहीं पुलिसकर्मी मौके से निकलने की कोशिश करता दिख रहा है, लेकिन चालक उसे जाने नहीं देता। इसी दौरान दोनों के बीच धक्का-मुक्की भी होती है।

वायरल वीडियो के आधार पर ई-रिक्शा चालक का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उसके ई-रिक्शा का शीशा तोड़ दिया, जिसके एवज में वह पैसे की मांग कर रहा था। हालांकि इस पूरे मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस वायरल वीडियो के आधार पर क्या कार्रवाई करता है और सच्चाई क्या सामने आती है।

Latest news
Related news