Thursday, October 1, 2026

विकसित भारत’ के नाम पर बजट से जनता निराश: सपा विधायक पंकज मलिक।



खबर पश्चिमी यूपी के जनपद मुजफ्फरनगर से है।
समाजवादी पार्टी के चरथावल विधानसभा से सपा विधायक पंकज मलिक ने केंद्र सरकार द्वारा संसद में पेश किए गए बजट को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जिसे “विकसित भारत” का बजट बताया जा रहा है, वह वास्तव में दिशाहीन, कमजोर और आम जनता की उम्मीदों के बिल्कुल विपरीत है। यह बजट देश के बहुसंख्यक वर्ग की समस्याओं को नजरअंदाज करता है और निराशा पैदा करता है।

पंकज मलिक ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है, लेकिन इसके बावजूद बजट में किसानों के हित में कोई ठोस और प्रभावी योजना सामने नहीं आई। न तो फसलों के उचित दाम की गारंटी की बात है और न ही खेती की लागत कम करने को लेकर कोई ठोस पहल दिखाई देती है। मजदूरों, श्रमिकों और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए भी इस बजट में राहत देने जैसा कुछ नहीं है।

उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी और आसमान छूती महंगाई से आम आदमी पहले ही परेशान है। युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं और महिलाएं महंगाई के कारण घर चलाने में कठिनाइयों का सामना कर रही हैं। ऐसे समय में जनता को सरकार से राहत की उम्मीद थी, लेकिन बजट ने हर वर्ग को खुद को ठगा हुआ महसूस कराने का काम किया है।

सपा विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि बजट में पिछड़े वर्ग, दलितों, वंचितों और महिलाओं के लिए कोई ठोस रोडमैप नजर नहीं आता। सामाजिक न्याय और समान अवसर की बात करने वाली सरकार ने इस बजट में समाज के कमजोर तबकों की अनदेखी की है।

पंकज मलिक ने कहा कि यह बजट आम जनता की समस्याओं को हल करने के बजाय कुछ चुनिंदा कॉर्पोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने वाला प्रतीत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां अमीरों को और अमीर बनाने पर केंद्रित हैं, जबकि गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग लगातार दबाव में आ रहा है।

अंत में उन्होंने कहा कि देश को वास्तव में “विकसित भारत” की ओर ले जाने के लिए ऐसे बजट की जरूरत है, जो किसान, युवा, मजदूर और आम आदमी की जेब और जीवन दोनों को मजबूत करे। मौजूदा बजट उस दिशा में एक चूक साबित हुआ है।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news