Thursday, October 1, 2026

लखनऊ में दबंगई का आतंक, मां-बेटी पर घर में घुसकर हमला, पुलिस पर लापरवाही के आरोप।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां दबंगों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर मां और बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट की। यह घटना थाना सहादतगंज क्षेत्र के कटरा विजन बेग चौकी इलाके की बताई जा रही है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, मुख्य आरोपी अयाज़ बाके, जो पहले असलहा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है, अपने कई साथियों के साथ जबरन घर में घुस आया। आरोप है कि आरोपियों ने बिना किसी डर के महिला और उसकी बेटी को बुरी तरह पीटा और इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है, इसके बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़िता का कहना है कि वह पिछले तीन दिनों से थाना और चौकी के चक्कर काट रही है, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हो रही।

इस पूरे मामले में थाना सहादतगंज पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दबंगों के सामने पुलिस नतमस्तक नजर आ रही है, जिससे आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और लोग पुलिस से जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि दोषियों को सजा मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Latest news
Related news