खबर पश्चिम उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर से है।
मुजफ्फरनगर में रविदास जयंती और आने वाले अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। इसी क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने शहर के संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर आम जनता से सीधा संवाद किया और शांति-सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने साफ शब्दों में संदेश दिया कि त्योहार खुशी और आपसी भाईचारे के लिए होते हैं, न कि तनाव और विवाद के लिए। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने विशेष रूप से रविदास जयंती के अवसर पर डीजे संचालकों से बातचीत की और कड़े निर्देश दिए कि किसी भी हालत में जातीय या भड़काऊ गाने न बजाए जाएँ। उन्होंने कहा कि ऐसे गीत समाज में नफरत और तनाव फैलाते हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि डीजे पर केवल प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने वाले गीत ही बजें। यदि कोई भी डीजे संचालक या आयोजक इन आदेशों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस पैदल गश्त में प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय सिंह, सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ के साथ नगर कोतवाली इंस्पेक्टर बबलू कुमार, सिविल लाइन इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार, खालापार इंस्पेक्टर महावीर चौहान समेत सैकड़ों पुलिसकर्मी पूरे मार्च में शामिल रहे।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन लगातार संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखेगा और जनता के साथ संवाद बनाए रखेगा, ताकि किसी भी तरह की अफवाह, तनाव या अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। प्रशासन का साफ संदेश है—शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी, जबकि सहयोग करने वालों की हर संभव मदद की जाएगी।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

