मोरना (मुजफ्फरनगर)। भोपा थाना क्षेत्र के मोरना मुख्य बाजार में एक महिला के साथ सरेआम छेड़छाड़ और अभद्रता का मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके गांव का एक युवक लंबे समय से उसे परेशान कर रहा था। महिला का आरोप है कि आरोपी अक्सर उसके आने-जाने के दौरान अश्लील टिप्पणियां करता था और उस पर बुरी नजर रखता था। परिवार की दबंगई के कारण वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान थी।
शनिवार दोपहर महिला घरेलू सामान खरीदने के लिए मोरना बाजार पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान युवक उसका पीछा करते हुए बाजार में पहुंच गया। महिला को अकेला देखकर उसने उसके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि युवक ने सरेआम महिला का हाथ पकड़कर उसे खींचने का प्रयास किया, जिससे वह घबरा गई और मदद के लिए शोर मचा दिया।
महिला की आवाज सुनकर आसपास मौजूद दुकानदार, राहगीर और ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। लोगों को अपनी तरफ आता देख आरोपी वहां से भाग निकला। जाते-जाते उसने महिला को धमकी भी दी और गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही। घटना के बाद डरी हुई महिला अपने परिजनों के साथ भोपा थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक सपन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी युवक को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। महिलाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्रता या धमकी जैसी घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाने की मांग की है।

