मुजफ्फरनगर/दिल्ली।
मोरना सहकारी चीनी मिल के विस्तारीकरण एवं आधुनिकीकरण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार से मिली मंजूरी के बाद भारतीय किसान मजदूर सर्व समाज की ओर से सांसद चंदन सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गय्यूर चौधरी स्वयं एक प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली पहुंचे और सांसद से शिष्टाचार भेंट कर किसानों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष गय्यूर चौधरी ने बताया कि मुलाकात के दौरान संगठन की ओर से सांसद चंदन चौहान को औपचारिक धन्यवाद पत्र सौंपा गया, साथ ही गुलदस्ता भेंट कर और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि मोरना क्षेत्र के गन्ना किसान लंबे समय से चीनी मिल की सीमित पेराई क्षमता, गन्ना डंपिंग और भुगतान में देरी जैसी समस्याओं से परेशान थे, जिसे सांसद ने गंभीरता से उठाया और सरकार तक मजबूती से पहुंचाया।
गय्यूर चौधरी ने कहा कि सांसद चंदन चौहान ने मीरापुर के विधायक रहते हुए भी और सांसद बनने के बाद भी मोरना चीनी मिल के विस्तारीकरण का मुद्दा लगातार उठाया। किसानों के साथ खड़े रहकर उन्होंने सरकार से संवाद किया और किसानों को यह भरोसा दिलाया कि इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। आज ₹261 करोड़ से अधिक की स्वीकृति उसी संघर्ष और प्रयास का परिणाम है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि दिल्ली में हुई इस मुलाकात के दौरान सांसद चंदन चौहान के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली गई और उनके शीघ्र स्वस्थ रहने की कामना की गई। साथ ही क्षेत्र के किसानों से जुड़ी अन्य समस्याओं, गन्ना भुगतान व्यवस्था और सहकारी चीनी मिलों को और मजबूत करने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
गय्यूर चौधरी ने कहा कि मोरना चीनी मिल का विस्तारीकरण केवल एक विकास परियोजना नहीं है, बल्कि यह किसानों के सम्मान, उनके अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। भारतीय किसान मजदूर सर्व समाज किसानों और मजदूरों के हितों के लिए आगे भी आवाज उठाता रहेगा और जनहित के मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर कार्य करता रहेगा।

